भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की बढ़ती उम्मीदों के बीच गुरुवार को सेंसेक्स और निफ्टी में तेजी दर्ज की गई। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 734.36 अंक बढ़कर 85,160.70 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 198.3 अंक बढ़कर 26,066.90 पर पहुंच गया। सेंसेक्स के 30 शेयरों में इंफोसिस, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, एक्सिस बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर और कोटक महिंद्रा बैंक लाभ में रहे। हालांकि, इटरनल और बजाज फिनसर्व नुकसान में रहे। एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया के कोस्पी में तेजी आई, जबकि जापान के निक्केई 225, शंघाई के एसएसई कंपोजिट और हांगकांग के हैंग सेंग लाल निशान में बंद हुए। बुधवार को अमेरिकी बाजार गिरावट के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 2.56 प्रतिशत बढ़कर 64.19 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया मंगलवार को एक घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के दौरान, सेंसेक्स 62.97 अंक या 0.07 प्रतिशत बढ़कर 84,426.34 पर और निफ्टी 25.45 अंक या 0.10 प्रतिशत बढ़कर 25,868.60 पर बंद हुआ।
रुपया 13 पैसे बढ़कर 87.80 प्रति डॉलर पर
भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर आशावाद के बीच, गुरुवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 13 पैसे बढ़कर 87.80 पर पहुँच गया। विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी पूंजी प्रवाह और घरेलू शेयर बाजारों में सकारात्मक रुख ने निवेशकों की धारणा को बढ़ावा दिया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 87.80 पर खुला, जो पिछले बंद भाव से 13 पैसे अधिक है। सोमवार को रुपया 87.93 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था। दिवाली और दिवाली बलिप्रतिपदा के कारण विदेशी मुद्रा बाजार क्रमशः मंगलवार और बुधवार को बंद रहे। छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर इंडेक्स 0.15 प्रतिशत बढ़कर 99.04 पर पहुँच गया। घरेलू शेयर बाजारों में, शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 734.36 अंक बढ़कर 85,160.70 पर पहुँच गया, जबकि निफ्टी 198.3 अंक बढ़कर 26,066.90 पर पहुँच गया। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 2.64 प्रतिशत बढ़कर 64.24 डॉलर प्रति बैरल पर पहुँच गया। आंकड़ों के अनुसार, मंगलवार को विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) खरीदार रहे।