चक्रवात ‘मोंथा’ आज रात आंध्र तट से टकराएगा, 110 किमी/घंटा हवा और 4.7 मीटर लहरों की आशंका; हाई अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में उत्पन्न हुआ चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ अब तेज गति से आंध्र प्रदेश के समुद्री तटों की ओर अग्रसर है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) की मानें तो यह तूफान 28 अक्टूबर की रात तक आंध्र तट से टकरा सकता है, जिसमें हवाओं की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक हो सकती है। इस खतरे को देखते हुए आंध्र प्रदेश, ओडिशा, तमिलनाडु और पुडुचेरी में उच्च सतर्कता घोषित की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में विकसित यह तूफान अब गंभीर चक्रवाती तूफान का रूप ले चुका है। इसके काकीनाडा के निकट मछलीपट्टनम और कालिंगपट्टनम के बीच तट से टकराने की आशंका है। इस दौरान समुद्र में 2 से 4.7 मीटर ऊंची लहरें उठने की संभावना है, जो शाम 5:30 बजे से रात 11:30 बजे तक तटीय क्षेत्रों में तबाही मचा सकती हैं।

सुरक्षा उपायों के तहत आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से श्रीकाकुलम तक के निवासियों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया जा रहा है। एनडीआरएफ की 22 टीमें तथा एसडीआरएफ की इकाइयां प्रभावित क्षेत्रों में तैनात की गई हैं। प्रशासन ने चौबीसों घंटे नियंत्रण कक्ष और 74 राहत शिविर स्थापित किए हैं। हेल्पलाइन नंबर जारी कर लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

चक्रवात के प्रभाव से तटीय इलाकों में मूसलाधार बारिश और प्रचंड हवाएं चलने की आशंका है। आईएमडी ने चेताया है कि लैंडफॉल के समय आंध्र प्रदेश और यनम के निचले हिस्सों में ज्वारीय स्तर से एक मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जिससे बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। अधिकारियों ने नागरिकों से तटवर्ती क्षेत्रों से दूर रहने, मछुआरों को समुद्र में न जाने और मौसम विभाग के दिशानिर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है। आगामी 48 घंटे इस चक्रवात के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

रेल और हवाई यातायात पर प्रभाव

चक्रवात ‘मोंथा’ के मद्देनजर भारतीय रेलवे ने सुरक्षा कारणों से 65 ट्रेनें रद्द कर दी हैं और कई उड़ानें निरस्त की गई हैं। कुछ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है। इसी क्रम में तमिलनाडु के चेंगलपट्टू और कडलूर जिलों में भारी वर्षा के कारण स्कूल-कॉलेज बंद रखे गए हैं।

विदर्भ पर भी पड़ेगा असर

तूफान का प्रभाव महाराष्ट्र तक फैल सकता है। आईएमडी ने विदर्भ के चंद्रपुर, नागपुर, यवतमाल, गडचिरोली, वर्धा, वाशिम, भंडारा और गोंदिया जिलों में 30 अक्टूबर तक भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है।