गांवों में पान की गुमठी एवं किराना दुकानों पर बिक रही शराब: कांग्रेस

क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने खिरकिया क्षेत्र में, अवैध शराब बिक्री का मुद्दा उठाया है। कांग्रेस का कहना हैं कि, खिरकिया क्षेत्र के गांव-गांव में पान की गुमठी एवं किराना दुकानों पर अवैध शराब बिक रही है। कांग्रेस ने क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ब्लॉक कांग्रेस ने सोमवार को एसडीओपी ऑफिस पहुंचकर, एसडीओपी रॉबर्ट गिरवाल के नाम से एक ज्ञापन उनके रीडर को सौंपा है।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शंकर सिंह सोलंकी ने बताया कि पुलिस और ठेकेदार की मिलीभगत से अवैध शराब की बिक्री की जा रही है। खिरकिया के शहरी क्षेत्र के सभी ढाबों पर शराब परोसी जा रही है। वहीं  खिरकिया और चारुवा शासकीय शराब दुकान से दो पहिया और चार पहिया वाहनों से अवैध रूप से शराब का परिवहन होता है। ब्लॉक अध्यक्ष सोलंकी ने आरोप लगाया कि ठेकेदार, मैनेजर और पुलिस की मिलीभगत से खिरकिया क्षेत्र में अवैध शराब के कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है। जिससे युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है और अधिकांश दुर्घटनाएं नशे की वजह से हो रही है। उन्होंने कहा है अगर शराब के अवैध परिवहन और बिक्री पर शीघ्र ही अंकुश नहीं लगा तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। ज्ञापन सौंपते सम कांग्रेस प्रवक्ता असलम पठान, देवेंद्र राजपूत, भोला गुर्जर, शैलेन्द्र पाटिल उपस्थित थे।