SIR का विरोध: कांग्रेस का सवाल-जब कोर्ट में केस तो EC इतनी जल्दी में क्यों?

मध्यप्रदेश सहित देश के 12 राज्यों में आज से एसआईआर की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच विपक्ष शासित राज्यों में इसका विरोध भी शुरू हो गया है। तमिलनाडु में सीएम स्टालिन ने तो एसआईआर को साजिशों का जाल बता दिया है। दूसरी तरफ प. बंगाल में टीएमसी ने ऐलान किया है कि आने वाले 2 नवंबर को कोलकाता में एसआईआर के विरोध में विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। वहीं कांग्रेस के राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी ने एसआईआर पर कहा कि पार्टी को इस प्रक्रिया पर तीन प्रमुख आपत्तियां हैं। पहली, जब मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है, तो चुनाव आयोग देशभर में इतनी जल्दबाजी में एसआईआर लागू करने को लेकर उत्साहित क्यों है। दूसरी, आयोग ने बिहार में अवैध प्रवासियों से जुड़ी जानकारी सार्वजनिक क्यों नहीं की, जबकि भाजपा ने इस मुद्दे का राजनीतिक इस्तेमाल किया और तीसरी, असम में ऐसी कोई रकफ प्रक्रिया क्यों नहीं चलाई जा रही।