लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भव्य राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शौर्य स्मारक से “रन फॉर यूनिटी” मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने भारत माता और सरदार पटेल के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की और कहा कि अगर हम सब सरदार पटेल के दिखाए रास्ते पर चलें, तो दुनिया की कोई भी ताकत भारत की ओर बुरी नज़र से नहीं देख पाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत स्वतंत्रता की ओर अग्रसर था, तब अनेक महापुरुषों ने अपने-अपने तरीके से देश के लिए योगदान दिया, लेकिन सरदार पटेल का योगदान सबसे असाधारण था। उन्होंने बताया कि पटेल ने अपनी प्रतिभा, समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति से देश की अखंडता की रक्षा की। डॉ. यादव ने कहा कि आज के भारत में, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार पटेल के आदर्शों पर अडिग हैं। उन्होंने कहा कि पटेल ने कहा था कि देश के मुद्दों का समाधान देश की जनता ही करेगी। प्रधानमंत्री मोदी भी इसी मार्ग पर चल रहे हैं और किसी तीसरे पक्ष के हस्तक्षेप को स्वीकार नहीं करते। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित सरदार पटेल की प्रतिमा, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, एक महान प्रेरणा है, जो आने वाली पीढ़ियों को देश की एकता और अखंडता का संदेश देती है।
अभ्युदय मध्य प्रदेश… स्थापना दिवस कल
अतुल्य भारत का हृदय स्थल मध्य प्रदेश अपना 70वां स्थापना दिवस “अभ्युदय मध्य प्रदेश” के रूप में मना रहा है। यह भव्य समारोह 1 से 3 नवंबर, 2025 तक भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। “विरासत से विकास तक” की यात्रा को दर्शाते हुए, यह आयोजन “उद्योग और रोजगार वर्ष” की थीम पर आधारित है।
इस तीन दिवसीय महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य नाटक “सम्राट विक्रमादित्य” होगा। विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किये जायेंगे।