मेट्रो संचालन के लिए सीएमआरएस निरीक्षण और NOC का इंतजार

भोपाल: मेट्रो ट्रेन का यात्रियों के साथ संचालन कब शुरू होगा ये बड़ा सवाल बन गया है। मेट्रो अफसरों ने मुख्यमंत्री को अक्टूबर का समय दिया था, लेकिन अक्टूबर बीत गया। 2023 सितंबर से मेट्रो में सवारी का सपना दिखाया जा रहा, लेकिन हर बार किन्हीं कारणों से इसे बढ़ा दिया जाता है। अब सीएमआरएस निरीक्षण और उनकी एनओसी के बाद कमर्शियल रन की बात कही जा रही है, लेकिन एनओसी अब तक नहीं मिल पाई है। लगातार बढ़ती समय सीमा से एक्सपर्ट कहने लगे हैं कि नवंबर के सपने भी न दिखाएं, बचे हुए काम पूरे कर नए साल में ही संचालन करें। शिवराजसिंह चौहान सरकार ने सितंबर 2023 की समय सीमा तय की थी। सितंबर 2023 में ट्रायल रन हुआ और अप्रैल- मई 2024 में ट्रेन चलाने की बात कही। अप्रैल-मई 2024 में अधूरा काम बताकर दिसंबर 2024 तक के लिए बढ़ा दिया गया। मेट्रो संचालन को लेकर लगातार बढ़ती डेटलाइन से शहरवासी भी ऊब चुके हैं। बता दें कि मेट्रो की लगातार बढ़ती डेटलाइन और निर्माण कार्यों में देरी के चलते इसका बजट अब तक कई गुना तक बढ़ चुका है।