प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर उन्हें सादर नमन किया। इसी मौके पर उन्होंने झारखंड राज्य के स्थापना दिवस पर भी राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई दी। पीएम मोदी ने कहा कि विदेशी हुकूमत के अत्याचारों के खिलाफ बिरसा मुंडा का संघर्ष और त्याग आने वाली हर पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बना रहेगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा कि जनजातीय गौरव दिवस के पवित्र अवसर पर समूचा राष्ट्र धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के अनुपम योगदान को याद कर रहा है। उन्होंने आगे कहा कि बिरसा मुंडा का आंदोलन भारत की आजादी की बुनियाद को मजबूत करने वाला था और उनका बलिदान हमेशा राष्ट्रीय भावना को ऊर्जा देता रहेगा।
झारखंड के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए पीएम ने कहा कि यह राज्य आदिवासी संस्कृति, परंपराओं और समृद्ध इतिहास से भरपूर है। उन्होंने लिखा कि भगवान बिरसा मुंडा की यह भूमि साहस, संघर्ष और आत्मसम्मान की कहानियों से भरी हुई है। इस खास मौके पर मैं राज्य की लगातार तरक्की और खुशहाली की कामना करता हूं।
बता दें कि झारखंड राज्य का गठन 15 नवंबर 2000 को बिहार से अलग करके हुआ था, जो बिरसा मुंडा की जन्मतिथि का दिन भी है। 15 नवंबर 1875 को जन्मे बिरसा मुंडा ने 19वीं शताब्दी के अंत में ब्रिटिश राज के खिलाफ आदिवासी इलाकों में सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक जागृति का नेतृत्व किया। उन्होंने मुंडा सहित विभिन्न आदिवासी समुदायों को एकजुट कर अधिकारों और गरिमा की लड़ाई को नई गति प्रदान की। उनकी जयंती पूरे देश में आदर और श्रद्धा के साथ मनाई जाती है। उल्लेखनीय है कि केंद्र सरकार ने 2024-25 को ‘जनजातीय गौरव वर्ष’ घोषित किया है, जिसके अंतर्गत आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को देशव्यापी स्तर पर उजागर किया जा रहा है।