शेखपुरा-सिकंदरा नेशनल हाईवे पर मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। नगर थाना क्षेत्र के एकसारी बीघा और कंबल गढ़ गांव के बीच यह हादसा तब हुआ जब 13 लोगों से भरा एक ऑटो रिक्शा सामने से आ रहे एक खाली ट्रक से टकरा गया।
हादसे के बाद सड़क पर लाशें बिखर गईं और ऑटो का अगला हिस्सा पूरी तरह ट्रक में घुस गया। घायलों को इलाज के लिए नालंदा के पावापुरी स्थित हायर सेंटर भेजा गया है। मृतकों में 3 महिलाएँ और 3 पुरुष शामिल हैं।
कैंसर पीड़ित माँ को इलाज के लिए ले जा रहा था बेटा
यह दुर्घटना कई परिवारों के लिए त्रासदी लेकर आई है। मृतकों में टुनटुन यादव की पत्नी आशा देवी (56) और उनके बेटे राहुल कुमार (22) शामिल हैं। राहुल अपनी कैंसर पीड़ित माँ को इलाज के लिए पटना के IGIMS ले जा रहे थे। हादसे में दोनों की एक साथ मौत हो गई। इसके अलावा, करंडे थाना क्षेत्र की अहिल्या देवी (62) और उनकी पोती निशा कुमारी (17) की भी मौत हुई है।
रॉन्ग साइड से आ रहा था ऑटो
चश्मदीदों के अनुसार, हादसे के वक्त दोनों गाड़ियों की स्पीड 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे के बीच थी। चश्मदीदों ने बताया कि ऑटो रिक्शा रॉन्ग साइड से आ रहा था, जिसके कारण वह सामने से आ रहे ट्रक को नहीं देख पाया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। शेखपुरा अपर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ने 6 लोगों की मौत की पुष्टि की है। दुर्घटना के बाद ट्रक का ड्राइवर मौके से फरार हो गया।