बिहार में पुलिस कस्टडी में मौत; परिजनों ने हत्या का आरोप लगा पुलिस की गाड़ी तोड़ी

 बिहार के नवादा जिले मे काशीचक थाने में गुरुवार सुबह पुलिस हिरासत में लिए गए 16 वर्षीय युवक सन्नी कुमार की संदिग्ध मौत के बाद इलाके में तनाव फैल गया। आक्रोशित परिजनों ने इसे हत्या बताते हुए पुलिस पर संगीन आरोप लगाए और थाने पर जमकर हंगामा किया, जिसके दौरान पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

सन्नी कुमार को बुधवार शाम करीब 7 बजे एक सिपाही की बहन को भगाने के आरोप में हिरासत में लिया गया था। अगले दिन सुबह 7 बजे सन्नी का शव थाना परिसर में मिला। मृतक सन्नी के गर्दन पर रस्सी के निशान पाए गए हैं।

परिजनों ने पुलिस की लापरवाही और लड़की के परिवार की मिलीभगत का आरोप लगाते हुए इसे हत्या बताया है। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया और आपातकालीन सेवा 112 की गाड़ी को भी निशाना बनाया। डीएसपी राकेश कुमार ने पुष्टि की है कि थाना परिसर में एक नाबालिग की मौत हुई है और मामले की सच्चाई जानने के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।