बुधवार को गौहरगंज में एक बड़ा प्रदर्शन उग्र हो गया, जिसके चलते पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। प्रदेशभर से हजारों लोग एक आरोपी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर इकट्ठा हुए थे। लाठीचार्ज के जवाब में प्रदर्शनकारियों ने पथराव किया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले दागे।
प्रदर्शनकारी ‘सलमान’ नामक आरोपी को 5 दिन के भीतर गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं और चेतावनी दी है कि ऐसा न होने पर वे उग्र आंदोलन करेंगे। धरने के बाद गौहरगंज इलाके में फिलहाल तनाव की स्थिति बनी हुई है।
6 जिलों की फोर्स तैनात
हालात को देखते हुए गौहरगंज में छह जिलों—भोपाल, रायसेन, विदिशा, सीहोर, बैतूल और नर्मदापुरम—से 500 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। क्षेत्र में क्विक रिस्पांस फोर्स (QRF) के जवान भी तैनात हैं। वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीआईजी, एसपी, 8 डीएसपी और 10 से ज्यादा इंस्पेक्टर शामिल हैं, स्थिति पर नजर रखे हुए हैं।
पुलिस की एक टीम आरोपी सलमान की तलाश में जंगलों में लगातार कॉम्बिंग कर रही है, जबकि अन्य टीमें भी उसे पकड़ने के प्रयास में जुटी हैं।