MMC जोन के सैकड़ों नक्सली 1 जनवरी तक हथियार डालेंगे, ऑपरेशन रोकने की अपील

मध्य प्रदेश-महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ (MMC) स्पेशल जोनल कमेटी के सैकड़ों नक्सली अब सरकार के सामने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने के लिए तैयार हैं। यह क्षेत्र में एक बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है। MMC जोन के प्रवक्ता और नक्सली लीडर अनंत ने एक पर्चा जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि इस कमेटी के सभी साथी 1 जनवरी तक एक साथ सरेंडर करेंगे।

अनंत ने तीनों राज्यों—मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़—के मुख्यमंत्रियों से अपील की है कि वे तब तक नक्सल ऑपरेशन को रोक दें, ताकि साथियों से बातचीत पूरी की जा सके। नक्सलियों ने तीनों राज्यों के किसी भी मुख्यमंत्री या गृहमंत्री के सामने हथियार डालने की बात कही है।

सामूहिक निर्णय लेने की प्रक्रिया के लिए नक्सलियों ने पहली बार एक खुली फ्रीक्वेंसी (435.715) जारी की है, जिस पर 1 जनवरी तक हर दिन 11 बजे से 11:15 बजे तक वे अपने साथियों से बात करेंगे। इस प्रक्रिया को बाधित न करने के लिए अनंत ने अपने साथियों से अपील की है कि वे अपनी सभी गतिविधियों को विराम दें और इस बार PLGA सप्ताह नहीं मनाएंगे।