कोटा में स्लीपर बस ट्रक से टकराई, दो ड्राइवरों की मौत; 12 यात्री घायल

कोटा में 8 लेन हाईवे पर गुरुवार तड़के एक निजी स्लीपर बस हादसे का शिकार हो गई, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हुए हैं। यह हादसा तड़के करीब 4:30 बजे हुआ, जब बस में सवार ज्यादातर यात्री सो रहे थे।

कल्पना ट्रेवल्स की यह बस दिल्ली से इंदौर जा रही थी। बस में करीब 42 लोग सवार थे।

कैथून थाना सीआई संदीप शर्मा ने बताया कि अरण्ड़खेड़ा के पास 8 लेन पारलिया पर मध्य प्रदेश (MP) नंबर की यह स्लीपर बस पीछे से एक ट्रक से टकरा गई।

 हादसे में बस के दो ड्राइवरों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान गिर्राज रेबारी (40 साल) और श्याम सुंदर सेन के रूप में हुई है। एक ड्राइवर का शव बस में फंसा हुआ था, जिसे निकालने की प्रक्रिया जारी है।  12 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें आठ पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। घायलों को इलाज के लिए कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है। डॉ. रमाकांत ने बताया कि ज्यादातर यात्रियों के सिर और पैर में चोटें आई हैं।

एडिशनल एसपी कोटा ग्रामीण राम कल्याण मीणा ने बताया कि बस दिल्ली से रात 9 बजे रवाना हुई थी। प्रथमदृष्टया आशंका है कि रात का समय होने के कारण ड्राइवर को नींद आने से यह दुर्घटना हुई। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।