हैदराबाद से कुवैत जा रही इंडिगो की फ्लाइट 6E86 को मंगलवार सुबह बम होने की धमकी वाला ईमेल मिलने के बाद मुंबई में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी। फ्लाइट जैसे ही राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टेकऑफ कर उड़ी, उसके कुछ ही मिनटों बाद हैदराबाद एयरपोर्ट प्रशासन को यह धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ।
सूचना मिलते ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तुरंत विमान को मुंबई की ओर डायवर्ट कर दिया। सुबह लगभग 9 बजे फ्लाइट ने मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। विमान में सवार सभी 173 यात्री और चालक दल के सदस्यों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्रियों के लिए वैकल्पिक फ्लाइट की व्यवस्था की जा रही है।
लैंडिंग के बाद विमान को एयरपोर्ट के अलग-थलग आइसोलेशन बे में खड़ा किया गया। बम निरोधक दस्ते, सीआईएसएफ और अन्य सुरक्षा बलों ने विमान की गहन तलाशी शुरू कर दी है। अब तक की प्रारंभिक जांच में कोई संदिग्ध सामग्री या विस्फोटक नहीं मिला है।
सुरक्षा एजेंसियां धमकी भरे ईमेल की उत्पत्ति, भेजने वाले और संभावित साजिश की गंभीरता से छानबीन कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही विमान को कुवैत के लिए रवाना करने का अंतिम निर्णय लिया जाएगा।
गौरतलब है कि पिछले कुछ समय में कई विमानों और स्कूलों को इसी तरह की फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं, जिनके कारण कई फ्लाइट्स को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी और कई शिक्षण संस्थानों को खाली कराया गया था।