राजधानी भोपाल में कोहेफिजा थाना क्षेत्र के बाग-ओ-बहार मैरिज गार्डन में रविवार देर रात शादी समारोह के दौरान जमकर हंगामा और मारपीट हुई। बाहर पान की गुमटी पर शुरू हुआ एक विवाद इतना बढ़ गया कि 10-12 युवक अंदर घुस आए और गाली-गलौज करते हुए पत्थरबाजी की और शादी में आए लोगों पर हमला कर दिया।
झारे से हमला, दो युवक जख्मी
पुलिस के अनुसार, यह विवाद बारात के कुछ युवकों और गुमटी संचालक के बीच पैसे के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ। गुमटी संचालक ने अपने परिजनों को बुला लिया, जिसके बाद वे सभी मिलकर मैरिज गार्डन में घुस गए। मारपीट के दौरान बुधवारा निवासी शहजादे के सिर पर खाना बनाने वाले झारे से गंभीर हमला किया गया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। एक अन्य युवक भी जख्मी हुआ है। दोनों घायलों को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया।
कोहेफिजा पुलिस ने मामले में तस्लीम, फैसल, मुस्तकीम, अजगर, अली, नईम, शाजिल, फहद, मुजीब समेत 9 आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी के. शुक्ला ने बताया कि दो युवकों को चोटें आई हैं, किसी महिला को चोट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और समारोह स्थल के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। देर रात तक समारोह स्थल के आसपास तनाव की स्थिति बनी रही।