अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को आखिरकार एक शांति पुरस्कार मिल ही गया, वो भी फीफा की तरफ से। अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल महासंघ (फीफा) ने अपने नवस्थापित “फीफा शांति पुरस्कार” से ट्रंप को सम्मानित किया है। यह पुरस्कार खेल के मैदान से बाहर वैश्विक शांति और एकता को बढ़ावा देने वालों को दिया जाना है और ट्रंप इसके पहले प्राप्तकर्ता बने।
दोहा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने ट्रंप का स्वागत किया और उन्हें यह विशेष मेडल भेंट किया। जियानी ने मुस्कुराते हुए कहा, “यह एक खूबसूरत मेडल है, आप इसे कहीं भी, कभी भी पहन सकते हैं।” इसके तुरंत बाद ट्रंप ने खुद ही मेडल अपने गले में डाल लिया। साथ ही उन्हें एक प्रमाण-पत्र भी सौंपा गया, जिसमें उन्हें विश्व शांति और एकजुटता के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाला बताया गया। इसके अलावा एक सोने की ट्रॉफी भी दी गई, जिस पर पहले से ही ट्रंप का नाम उकेरा हुआ था।
ट्रंप पुरस्कार मिलते ही काफी उत्साहित दिखे। भावुक होते हुए उन्होंने कहा, “यह वाकई मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।” उन्होंने अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप का विशेष रूप से धन्यवाद किया और 2026 विश्व कप के सह-आयोजक देशों कनाडा व मेक्सिको के नेताओं की तारीफ की।
गौरतलब है कि ट्रंप लंबे समय से नोबेल शांति पुरस्कार की दौड़ में अपना नाम देखना चाहते हैं। फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो उनके करीबी माने जाते हैं और पहले भी कई बार खुलकर कह चुके हैं कि गाजा युद्धविराम जैसे मुद्दों पर ट्रंप को नोबेल मिलना चाहिए।
हालांकि यह नया फीफा शांति पुरस्कार अभी पूरी तरह से स्थापित नहीं हुआ है। इसके चयन मानदंड और प्रक्रिया अभी स्पष्ट नहीं हैं तथा पहला विजेता खुद फीफा अध्यक्ष ने चुना। सोशल मीडिया पर ज्यादातर लोग इसे मजाक या ट्रंप को खुश करने का तरीका बता रहे हैं। कई यूजर्स ने इसे “फीफा का सेल्फ-गोल” तक कह डाला।