राजधानी रायपुर में पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 26.22 ग्राम हेरोइन (‘चिट्टा’) बरामद की गई है, जिसकी बाजार कीमत ढाई लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई सरस्वती नगर थाना क्षेत्र में की गई।
साइंस कॉलेज के पास कर रहे थे ग्राहक का इंतजार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि 5 दिसंबर की रात दो युवक साइंस कॉलेज मैदान के पास डीडीयू ऑडिटोरियम रोड पर एक काले रंग की हुंडई कार में ‘चिट्टा’ (हेरोइन) बेचने की फिराक में ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही सरस्वती नगर पुलिस की टीम अलर्ट हो गई। उपनिरीक्षक तुलसीराम भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को कार समेत पकड़ लिया। पुलिस ने बिना सर्च वारंट के त्वरित कार्रवाई की, क्योंकि आरोपियों के भागने की आशंका थी।
जब्त संपत्ति का विवरण
आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके पास से 26.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 2,60,100 रुपए है। ड्रग्स के अलावा, पुलिस ने मौके से 23 लाख रुपए से अधिक का सामान जब्त किया। जब्त की गई संपत्ति में लगभग 20 लाख रुपए की एक हुंडई कार (CG 04 NT 3892) और लगभग 74,000 रुपए कीमत के 7 मोबाइल फोन शामिल हैं।
गिरफ्तार आरोपी रायपुर के ही निवासी हैं:
- आयुष दुबे उर्फ मयंक, निवासी पंचशील नगर
- मृत्युंजय दुबे उर्फ एमडी, निवासी पचपेड़ी नाका
लंबे समय से थे सक्रिय, आगे की जांच जारी
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी लंबे समय से हेरोइन की अवैध बिक्री में सक्रिय थे और मौके पर ग्राहकों की तलाश कर रहे थे। बरामद हेरोइन को इलेक्ट्रॉनिक तराजू से तौलकर सील कर दिया गया है। पुलिस अब इस बात की पूछताछ कर रही है कि आरोपी हेरोइन कहां से लाए थे और किसे बेचने वाले थे, ताकि इस तस्करी रैकेट के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों ने जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करने की बात कही है।
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस ने ड्रग्स तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया हुआ है, जिसमें हाल ही में महिला ड्रग्स तस्करों पर भी कार्रवाई की गई थी।