पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव का विरोध, भोपाल में हिंदू संगठनों का प्रदर्शन

पश्चिम बंगाल में बाबरी मस्जिद के नाम पर नई मस्जिद की नींव रखे जाने की खबरों के विरोध में, भोपाल में हिंदू संगठनों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया। श्री हिंदू उत्सव समिति और संस्कृति बचाओ मंच के कार्यकर्ताओं ने 2 नंबर स्टॉप पर एकत्रित होकर अपना विरोध दर्ज कराया।

संगठन के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने इस दौरान साफ तौर पर कहा कि अगर कोई मस्जिद बनानी ही है तो वह देश के नायकों जैसे अब्दुल कलाम या अशफाकउल्ला खां के नाम से बनाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि बाबर के नाम पर मस्जिद को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बाबर के नाम पर शौचालय का पोस्टर जब्त

प्रदर्शन के दौरान, संगठन के कार्यकर्ता एक ऐसा पोस्टर लेकर पहुँचे थे जिस पर ‘बाबर के नाम वाला शौचालय’ लिखा था। कार्यकर्ताओं की योजना इस पोस्टर को एक सार्वजनिक शौचालय परिसर में लगाने की थी। हालांकि, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर इस पोस्टर को जब्त कर लिया। पोस्टर जब्ती के दौरान पुलिस और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच हल्की धक्का-मुक्की की स्थिति भी बन गई।

कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रदर्शन स्थल पर क्विक रिस्पांस फोर्स (QRF) के 40 से ज्यादा जवान और लगभग 25-30 अन्य पुलिसकर्मी भारी संख्या में तैनात किए गए थे।