बिहार के उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री सम्राट चौधरी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को लेकर एक बड़ा और अत्यंत तीखा बयान दिया है। एक निजी चैनल से बातचीत करते हुए उन्होंने लालू प्रसाद यादव को ‘रजिस्टर्ड अपराधी’ बताते हुए घोषणा की है कि बिहार सरकार अब लालू की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को सीज करेगी और उसमें बच्चों के लिए स्कूल खोले जाएंगे।
सम्राट चौधरी ने 950 करोड़ रुपये के चारा घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय जांच एजेंसियों, सीबीआई और ईडी, ने पहले ही लालू की कई प्रॉपर्टीज को अटैच कर लिया था। उन्होंने विशेष रूप से संजय गांधी जैविक उद्यान के पास स्थित एक बिल्डिंग का उल्लेख किया, जो पिछले 20 सालों से बंद पड़ी है और जिस पर ताला लगा हुआ है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अब उसी बिल्डिंग को अधिग्रहित करेगी, रंगाई-पुताई का काम कराएगी और उसमें बच्चों के लिए एक सरकारी स्कूल खोलेगी। उन्होंने जोड़ा कि अगर इस बिल्डिंग में बच्चों के लिए स्कूल खुला तो इससे लालू यादव और बिहार की जनता दोनों को ही अच्छा लगेगा। सम्राट चौधरी ने आगे कहा कि जिन भी अपराधियों ने अवैध रूप से पैसा और प्रॉपर्टी अर्जित की है, सरकार उसे सीज करके उसमें स्कूल जरूर खोलेगी।
इसी बीच, लालू परिवार के सरकारी आवास को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो गई है। हालांकि सरकार ने पिछले दिनों राबड़ी देवी को हार्डिंग रोड स्थित 39 नंबर बंगला अलॉट किया है, लेकिन लालू परिवार 10 सर्कुलर रोड स्थित आवास खाली करने के मूड में नहीं है। लालू-राबड़ी परिवार दो दशकों से इस आवास में रह रहा है, जिसने कई राजनीतिक तूफानों को उठते और थमते देखा है, और यहीं से लालू यादव ने पार्टी और संगठन को मजबूत करने वाले कई अहम फैसले लिए हैं। राजद के वरिष्ठ नेता और लालू परिवार के करीबी अब्दुल बारी सिद्दीकी ने बताया कि राबड़ी देवी अब किसी भी नए सरकारी आवास में जाने के मूड में नहीं हैं। यदि उन्हें 10 सर्कुलर रोड का वर्तमान आवास खाली करना पड़ा, तो वह किसी अन्य सरकारी मकान में नहीं जाएंगी, बल्कि सीधे अपने महुआबाग स्थित निजी घर में शिफ्ट होंगी। राजद नेताओं का मानना है कि अब अपने घर जाना ही सही फैसला होगा।