पलवल जिले के उटावड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि देर रात पांच नामजद युवकों ने लड़की को उसके घर से अगवा कर लिया और उसे जंगल में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया।
उटावड़ थाना पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ पोक्सो एक्ट (POCSO Act) सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
घर से अपहरण कर ले गए जंगल
उटावड़ थाना प्रभारी रेणू शेखावत के अनुसार, पीड़िता के पिता ने शिकायत में बताया कि रात करीब एक बजे उनकी बकरी मर गई थी। वह और उनका बेटा बकरी को खेतों में दफनाने के लिए घर से बाहर गए हुए थे। जब वे दोनों वापस लौटे, तो उनकी 14 वर्षीय बेटी घर पर नहीं मिली।
उन्होंने आसपास तलाश शुरू की, तभी एक सफेद रंग की कार उनके घर से कुछ दूरी पर आकर रुकी। कार से उनकी बेटी उतरी और रोती हुई उनकी तरफ भागी।
पीड़िता ने पहचान बताई, आरोपियों का मोबाइल फोन बरामद
पीड़िता ने अपने माता-पिता को बताया कि जब घर पर कोई नहीं था, तभी साहिद, मुज्जी, राकिम, जुनैद और साहिद (कुल पांच युवक) नामक युवक कार लेकर आए। उन्होंने दरवाजा खटखटाया और जैसे ही उसने दरवाजा खोला, आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, उसे बाहर खींचा और जबरन कार में डालकर जंगल की ओर ले गए।
जंगल में आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। वारदात के बाद वे उसे घर से कुछ दूरी पर छोड़कर फरार हो गए। हालांकि, जल्दबाजी में आरोपियों का एक मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने विशेष टीम गठित की
परिजन बच्ची को लेकर तुरंत उटावड़ थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी रेणू शेखावत ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत पर पांचों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है। पुलिस आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और दावा किया है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।