पुलिस बनकर आए बदमाशों ने फ्लैट में घुसकर की लूट और अपहरण; पेट्रोल पंप पर पीछा छुड़ाकर भागे पीड़ित

राजधानी के पॉश इलाके अरेरा कॉलोनी में पुलिस की वर्दी का रौब दिखाकर लूट और अपहरण की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हबीबगंज थाना क्षेत्र के ई-7 सेक्टर स्थित मेघना अपार्टमेंट में 11 जनवरी की शाम बदमाशों ने इस पूरी घटना को अंजाम दिया। हालांकि, पुलिस ने अपनी फजीहत से बचने के लिए इस मामले को चार दिनों तक दबाए रखा, लेकिन अब आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले का खुलासा हुआ है।

NDPS केस की धमकी देकर फ्लैट में घुसे बदमाश

जानकारी के अनुसार, 11 जनवरी की शाम करीब साढ़े सात बजे 5-6 बदमाश खुद को पुलिसकर्मी बताकर मेघना अपार्टमेंट के एक फ्लैट में दाखिल हुए। वहां मौजूद राहुल गुप्ता, अनिमेष वर्मा, अनुराग और नरेंद्र परमार को बदमाशों ने डराया कि उनके खिलाफ एनडीपीएस (नशीले पदार्थ) मामले में केस दर्ज है। आरोपियों ने युवकों के साथ मारपीट की और गिरफ्तारी का डर दिखाकर उनसे 79,800 रुपये नकद और तीन कीमती घड़ियां लूट लीं।

कार में अपहरण और फिरौती की मांग

बदमाश इतने पर ही नहीं रुके, उन्होंने चारों युवकों को उनकी ही कार में जबरन बैठाया और मिसरोद बाइपास टोल रोड की ओर ले गए। रास्ते में उन्होंने और पैसों की मांग की। अपनी जान बचाने के लिए पीड़ित राहुल ने अपने दोस्त आनंद रघुवंशी को फोन कर मदद मांगी। आनंद होशंगाबाद से एक लाख रुपये लेकर भोपाल पहुंचे, जहां बदमाशों ने उन्हें पांच नंबर पेट्रोल पंप के पास पैसे देने के लिए बुलाया।

दोस्त की बहादुरी से बचाई जान

पेट्रोल पंप पर जैसे ही लेन-देन शुरू हुआ, आनंद ने साहस दिखाते हुए बदमाशों से फोन छीन लिया और जोर-जोर से चिल्लाना शुरू कर दिया कि वह असली पुलिस के साथ है। पकड़े जाने के डर से बदमाश पीड़ितों के मोबाइल लूटकर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद डरे हुए युवक हबीबगंज थाने पहुंचे। पुलिस ने शुरुआत में मामले को छिपाए रखा, लेकिन बाद में पहचान होने पर चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है।