आम आदमी पार्टी (AAP) में चल रहे आंतरिक विवाद के बीच राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पंजाब के मुद्दों पर संसद में अपनी सक्रियता का हवाला देते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने अपने सहयोगियों को संबोधित करते हुए कहा कि पंजाब उनके लिए सिर्फ एक राजनीतिक विषय नहीं, बल्कि उनका घर, कर्तव्य, मिट्टी और आत्मा है।
राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “मेरे उन सहयोगियों के लिए जो मजबूरी में वीडियो जारी कर कह रहे हैं कि राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे नहीं उठा पाए। उनके लिए एक छोटी सी झलक… कहानी अभी बाकी है।” उन्होंने इस पोस्ट के साथ संसद में दिए गए अपने भाषणों का वीडियो भी संलग्न किया, जिसमें वे पंजाब से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाते नजर आ रहे हैं।
इस बीच, AAP के पूर्व सहयोगी और मशहूर कवि कुमार विश्वास का करीब डेढ़ साल पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। अगस्त 2024 में एक पॉडकास्ट के दौरान विश्वास ने कहा था कि AAP का अगला शिकार राघव चड्ढा होंगे। उन्होंने चड्ढा को “बालक” करार देते हुए कहा कि उन्होंने हीरोइन से शादी कर ली है और अब रीलें दिखाने लगे हैं। विश्वास ने यह भी दावा किया था कि पार्टी इस “आभा” को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है।
राघव चड्ढा ने हाल ही में पार्टी के कुछ फैसलों और बयानों से दूरी बनाते हुए अपनी स्वतंत्र छवि पेश की है, जिसके चलते AAP में तनाव बढ़ गया है। चड्ढा का यह पोस्ट उसी विवाद की पृष्ठभूमि में आया है, जिसमें उन्होंने संसद में पंजाब के हितों की रक्षा करने का दावा किया है।
कुमार विश्वास का वीडियो वर्तमान विवाद को नया आयाम दे रहा है, क्योंकि उन्होंने पहले ही चड्ढा को पार्टी का संभावित लक्ष्य बताया था। दोनों पक्षों के बीच यह तकरार AAP की आंतरिक राजनीति को लेकर सवाल उठा रही है।