‘कोलकाता तक ले जाएंगे’: पाक रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ की भारत को खुली धमकी

पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को अपने गृहनगर सियालकोट में मीडिया से बातचीत करते हुए भारत को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि भारत कोई ‘फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन’ करने की कोशिश करता है तो पाकिस्तान का जवाब कोलकाता तक पहुंचेगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाला कोई भी संघर्ष सीमा से 200-250 किलोमीटर दूर तक ही नहीं रहेगा, बल्कि पाकिस्तानी बल भारतीय इलाके में घुसकर घर-घर में हमला करेंगे।

आसिफ ने कहा, “अगर भारत इस बार कोई फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन करने की कोशिश करता है चाहे अपने लोगों के माध्यम से या हिरासत में रखे पाकिस्तानी नागरिकों का इस्तेमाल करके कहीं शव रखकर आतंकवाद का आरोप लगाकर तो इंशाअल्लाह हम इसे कोलकाता तक ले जाएंगे।” उन्होंने आगे जोड़ा, “अगर वे दोबारा कोशिश करेंगे तो उन्हें पिछले साल से भी ज्यादा शर्मिंदगी का सामना करना पड़ेगा। इस बार संघर्ष 200-250 किमी तक सीमित नहीं रहेगा। हम उनके क्षेत्र में घुसेंगे और उनके घरों में जाकर उन्हें मारेंगे।”

राजनाथ सिंह की चेतावनी के बाद आया बयान

यह बयान भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की हालिया टिप्पणी के कुछ दिन बाद सामने आया है। राजनाथ सिंह ने कहा था कि पाकिस्तान की किसी भी ‘दुस्साहस’ पर भारत ‘अभूतपूर्व और निर्णायक’ जवाब देगा। आसिफ ने इसे भारत की ‘धमकी’ बताते हुए कहा कि पाकिस्तान की जवाबी कार्रवाई तेज, सटीक और प्रभावी होगी।

फॉल्स फ्लैग का आरोप, लेकिन कोई सबूत नहीं

ख्वाजा आसिफ ने भारत पर आरोप लगाया कि वह ‘फॉल्स फ्लैग ऑपरेशन’ की तैयारी कर रहा है, जिसमें या तो भारतीय एजेंट या हिरासत में बंद पाकिस्तानी नागरिकों का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत या जानकारी नहीं दी।