भोपाल: आदमपुर कचरा साइट में भीषण आग

शनिवार दोपहर आदमपुर स्थित कचरा खंती में जोरदार आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि लपटें 20 से 25 फीट ऊंची उठ रही थीं और उठता धुआं 10 किलोमीटर दूर से भी साफ दिखाई दे रहा था।

दोपहर करीब 12:30 बजे मुख्य द्वार के पास RDF के कचरे के ढेर से अचानक आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे कई टन कचरा जल गया और मौके पर मौजूद कुछ मशीनें भी आग की चपेट में आ गईं।

स्थानीय फायर स्टेशनों से पहुंची दमकल गाड़ियों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने शुरू में कचरा हटाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल विभाग की मदद ली गई।

बार-बार होती है घटना, प्रशासन पर सवाल

पर्यावरण विशेषज्ञ सुभाष सी. पांडे ने बताया कि आदमपुर कचरा खंती में हर साल आग लगने की घटनाएं होती रहती हैं। उन्होंने कहा, “निगम इसे रोकने में पूरी तरह नाकाम रहा है। इससे आसपास की हवा और पानी दोनों प्रदूषित हो चुके हैं। इस मुद्दे को लेकर हमने राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण में याचिका भी दायर की है।”

बताया जा रहा है कि आग की रोकथाम के लिए यहां स्थायी रूप से दमकल वाहन तैनात रहते हैं, लेकिन आग की भीषणता के कारण इसे समय पर काबू में नहीं लाया जा पाता। अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन कचरे के जलने से वायु प्रदूषण बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। दमकल विभाग आग पर पूरी तरह काबू पाने की कोशिश में जुटा हुआ है।