मंगलवार देर रात सिहानी गेट इलाके में स्थित संतोष हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में अचानक आग लग जाने से हड़कंप मच गया। अस्पताल प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से इमरजेंसी वार्ड में भर्ती चार मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने सिलेंडरों को बाहर निकालकर आग पर काबू पा लिया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, इमरजेंसी पेंडेंट में लगे ऑक्सीजन और नाइट्रोजन सिलेंडर से गैस रिसाव हो रहा था, जिसकी वजह से सिलेंडर में आग लग गई। अस्पताल प्रबंधन ने फायर सेफ्टी सिस्टम से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन गैस लीक के कारण आग तेजी से फैलने लगी। स्थिति को भांपते हुए मरीजों को तुरंत व्हीलचेयर की मदद से सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया।
इन मरीजों में बागपत के डालमपुर गांव के रहने वाले चरण सिंह भी शामिल थे, जिन्हें उसी शाम सांस लेने में तकलीफ के कारण भर्ती कराया गया था।
पुलिस-दमकल की त्वरित कार्रवाई
सिहानी गेट थाना पुलिस और मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल के नेतृत्व में दमकल की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के लिहाज से इमरजेंसी वार्ड के शीशे तोड़कर अंदर रखे सिलेंडरों को बाहर निकाला गया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद भी मौके पर पहुंचे और मरीजों व अन्य लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया गया।
राहुल पाल ने बताया कि दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंची थीं, लेकिन अस्पताल कर्मचारियों की सतर्कता के कारण आग पर पहले ही काफी हद तक काबू पा लिया गया था।