प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने 12 साल पूरे कर लिए हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने आजादी के बाद सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में पंडित जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
नेहरू 4398 दिन प्रधानमंत्री पद पर रहे थे, जबकि मोदी 4399वें दिन इस उपलब्धि को हासिल कर चुके हैं। इस मौके पर देशभर में उत्सव का माहौल है और भाजपा तथा एनडीए इस ऐतिहासिक उपलब्धि को जनता तक पहुंचाने के लिए कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
इसी क्रम में बुधवार को दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में एनडीए की बड़ी बैठक हो रही है। बैठक में भाजपा सहित एनडीए के सभी सहयोगी दलों के प्रमुख नेता शामिल हो रहे हैं। इसमें एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गठबंधन से जुड़े करीब 75 वरिष्ठ नेता भाग ले रहे हैं। कुल 35 सहयोगी दल इस बैठक में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक पदाधिकारी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई केंद्रीय मंत्री मौजूद हैं। इसके अलावा टीडीपी के के. राम मोहन नायडू, जेडीयू के राजीव रंजन सिंह, जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी और अपना दल की अनुप्रिया पटेल भी बैठक में शामिल हैं।
बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति, संगठनात्मक मजबूती और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को पूरा करने के रोडमैप पर चर्चा होने की उम्मीद है। ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को और बेहतर बनाने, राष्ट्रीय विकास योजनाओं तथा बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स की समीक्षा पर भी फोकस रहेगा। खासतौर पर डबल इंजन वाली सरकारों वाले राज्यों में केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया जाएगा।
बैठक में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू प्रधानमंत्री मोदी की उपलब्धियों की सराहना करते हुए विशेष बधाई प्रस्ताव पेश करेंगे, जिसका समर्थन नागालैंड के मुख्यमंत्री नेफ्यू रियो करेंगे। प्रस्ताव पारित होने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी एनडीए नेताओं को संबोधित करेंगे।
केंद्रीय कैबिनेट की हालिया बैठक में पीएम मोदी ने मंत्रियों को साफ निर्देश दिया था कि 2026 में सरकार का पूरा ध्यान भविष्य के लक्ष्यों और जन कल्याण पर केंद्रित रहना चाहिए। तीन घंटे चलने वाली इस बैठक को एनडीए गठबंधन की एकजुटता और आगामी रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।