गुरुवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इन दोनों धातुओं पर बिकवाली का दबाव बना रहा, जिसका असर भारतीय बाजार पर साफ दिखा। खबर लिखे जाने के समय एमसीएक्स पर सोना 1,52,651 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि चांदी 2,46,909 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास थी।
सोने में 1,200 रुपये से अधिक की गिरावट
एमसीएक्स पर सोने का अगस्त अनुबंध 1,573 रुपये की भारी गिरावट के साथ 1,52,306 रुपये पर खुला। पिछले सत्र में इसका बंद भाव 1,53,879 रुपये था। कारोबार के दौरान यह 1,228 रुपये की कमी के साथ 1,52,651 रुपये पर पहुंच गया। दिन का उच्चतम स्तर 1,52,685 रुपये और न्यूनतम स्तर 1,52,306 रुपये रहा।
चांदी भी लुढ़की, 4,800 रुपये से ज्यादा का नुकसान
चांदी के जुलाई अनुबंध में भी भारी सुस्ती देखने को मिली। यह 3,807 रुपये की गिरावट के साथ 2,48,000 रुपये पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 2,51,807 रुपये था। कारोबार के दौरान यह 4,898 रुपये टूटकर 2,46,909 रुपये पर पहुंच गया। दिन में इसका उच्चतम स्तर 2,48,000 रुपये और न्यूनतम 2,45,509 रुपये रहा।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी कमजोरी
कॉमेक्स पर सोना 50.90 डॉलर की गिरावट के साथ 4,330.50 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। चांदी भी 1.82 डॉलर घटकर 68.94 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर थी।