MCX पर सोने-चांदी में तेजी, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में नरमी

सोमवार को घरेलू वायदा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में उछाल दर्ज किया गया, जबकि वैश्विक बाजारों में दोनों धातुओं में गिरावट का रुख रहा।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के भाव शुरुआती सुस्ती के बाद मजबूती के साथ चढ़े। चांदी ने मजबूत शुरुआत के बाद अपनी बढ़त को बरकरार रखा। कारोबार के दौरान सोने के वायदा भाव करीब 1,47,650 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी के भाव 2,34,950 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास रहे।

एमसीएक्स पर सोने का अगस्त अनुबंध पिछले बंद भाव 1,47,203 रुपये से 2,093 रुपये की गिरावट के साथ 1,45,110 रुपये पर खुला। हालांकि, बाद में इसमें तेज रिकवरी देखी गई और यह 427 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 1,47,630 रुपये पर पहुंच गया। इस दौरान इसने 1,47,987 रुपये का उच्चतम और 1,45,110 रुपये का न्यूनतम स्तर छुआ। वर्ष 2026 में सोने का अब तक का उच्चतम स्तर 1,80,779 रुपये रहा है।

चांदी के जुलाई अनुबंध ने पिछले बंद 2,33,185 रुपये से 3,903 रुपये की मजबूत बढ़त के साथ 2,37,088 रुपये पर शुरुआत की। कारोबार के दौरान यह 1,791 रुपये की तेजी के साथ 2,34,976 रुपये पर था। इसने 2,37,106 रुपये का दिन का उच्चतम और 2,34,908 रुपये का निम्नतम स्तर छुआ। चांदी का इस साल का सर्वोच्च स्तर 4,20,048 रुपये प्रति किलोग्राम रहा।

अंतरराष्ट्रीय बाजार में गिरावट

वैश्विक स्तर पर कॉमेक्स में सोने के वायदा भाव नरम रुख के साथ कारोबार कर रहे थे। यह पिछले बंद 4,245.90 डॉलर प्रति औंस से 38.40 डॉलर की गिरावट के साथ 4,207.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। सोने का इस साल का उच्चतम स्तर 5,586.20 डॉलर रहा।