क्रिकेट स्टार विराट कोहली ने रविवार रात गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर स्थित यशोभूमि में अपने स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड ‘One8’ का ग्लोबल प्रीमियर इवेंट आयोजित किया।
इवेंट में पंजाबी सिंगर करण औजला भी पहुंचे और उन्होंने अपनी परफॉर्मेंस दी। करण ने विराट को समर्पित करते हुए अपना पॉपुलर गाना ‘विनिंग स्पीच’ गाया, जिस पर विराट ने ‘औजला दे कन्ना विच नट्टियां’ वाली लाइन पर उनके साथ स्टेप्स भी किए। बाद में विराट स्टेज पर बैठकर गाने का पूरा मजा लेते नजर आए।
इवेंट के दौरान विराट कोहली ने करण औजला की तारीफ करते हुए कहा, “मैं करण औजला का बहुत बड़ा फैन हूं। वे दिल से गाने लिखते हैं और अपनी कहानी को गानों के जरिए बयां करते हैं, जो उन्हें खास बनाता है। ‘विनिंग स्पीच’ मेरा सबसे पसंदीदा गाना है। इसमें उनके जीवन का सफर दिखता है और मुझे अपने सफर से भी काफी समानताएं नजर आती हैं। मैच से पहले मैं इसे कई बार सुनता हूं।”
प्राइवेट जेट से पहुंचे दोनों स्टार
विराट कोहली और करण औजला इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्राइवेट जेट से दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर दोनों की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। इसके बाद वे सीधे यशोभूमि पहुंचे। इवेंट में करीब 5 हजार लोगों ने शिरकत की।
One8 ब्रांड के बारे में
‘One8’ विराट कोहली का अपना स्पोर्ट्स और लाइफस्टाइल ब्रांड है, जिसकी शुरुआत साल 2017 में हुई थी। ब्रांड का नाम उनकी जर्सी नंबर 18 से लिया गया है। शुरू में यह प्यूमा के साथ लॉन्च हुआ था।