भोपाल के अरेरा हिल्स थाना क्षेत्र अंतर्गत बल्लभ नगर बस्ती में एक युवक अपने घर में फंदे पर लटका मिला। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान आकाश गौतम (19) के रूप में हुई है। वह बेरोजगार था और अपनी मां के साथ उसी बस्ती में रहता था। आकाश की मां घरों में काम करती हैं।
घटना का विवरण
शुक्रवार सुबह आकाश की मां काम पर चली गईं, जबकि उसका छोटा भाई घर के बाहर खेलने चला गया था। दोपहर करीब 1 बजे जब भाई घर वापस लौटा तो उसने आकाश को घर में फंदे पर लटका देखा। भाई की सूचना पर तुरंत पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आकाश की मौत हो चुकी थी। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता की मौत का साया
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि करीब छह महीने पहले आकाश के पिता ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। पिता की मौत के बाद आकाश मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगा था। परिजनों ने बताया कि वह शराब की लत का शिकार हो गया था और धीरे-धीरे उसकी लत बढ़ती गई।
अरेरा हिल्स थाने के एएसआई जसराम ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है। आत्महत्या के पीछे के कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।