LPG संकट: युद्ध के कारण गैस सिलेंडर महंगे, नए कनेक्शन बंद

अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते देशभर में एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में तेज उछाल आया है, जिसका सीधा असर मध्य प्रदेश की आम जनता पर पड़ा है। घरेलू और कमर्शियल दोनों गैस सिलेंडर महंगे हो गए हैं, जिससे खाने-पीने का खर्चा करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ गया है।

नए एलपीजी कनेक्शन जारी करना तेल कंपनियों ने बंद कर दिया है। पिछले तीन महीनों से लोग नए कनेक्शन के लिए दर-दर भटक रहे हैं। केवल भोपाल शहर में ही 8,000 से अधिक नए कनेक्शन के आवेदन लंबित पड़े हैं।

छात्रों पर सबसे ज्यादा असर

गैस संकट से सबसे अधिक परेशानी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को हो रही है। नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र ने बताया कि पहले ब्लैक में 14 किलो का सिलेंडर 1,000 से 1,200 रुपये में आसानी से मिल जाता था, लेकिन अब इसे लेने के लिए 2,500 से 3,000 रुपये तक चुकाने पड़ रहे हैं। इससे उनका पूरा मासिक बजट बिगड़ गया है। नए कनेक्शन के लिए कई बार एजेंसी पहुंचने पर भी उन्हें यही जवाब मिला कि तेल कंपनियों ने कनेक्शन बंद कर दिए हैं।

युद्ध विराम से उम्मीद

अमेरिका-ईरान युद्ध विराम की घोषणा के बाद अब राहत की उम्मीद जगी है। भोपाल के फूड कंट्रोलर चंद्रभान सिंह जादौन ने बताया कि तेल कंपनियों से इस मुद्दे पर चर्चा की गई है। उच्च स्तर पर बातचीत चल रही है और संभावना है कि अगले महीने से नए कनेक्शन शुरू किए जा सकते हैं।

5 किलो वाले सिलेंडर का विकल्प

युद्ध शुरू होने के बाद कंपनियों ने नए कनेक्शन का ऑनलाइन पोर्टल भी बंद कर दिया। इस दौरान ग्राहकों को 14 किलो की जगह 5 किलो वाले सिलेंडर का विकल्प दिया गया। भोपाल की 41 गैस एजेंसियों को कुल 6,000 ऐसे 5 किलो सिलेंडर भेजे गए, जिनमें से करीब 4,500 बिक चुके हैं।