दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक टक्कर, 8 की मौत, 21 घायल

राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार देर रात दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक भयानक सड़क दुर्घटना हो गई। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस ने आगे चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे बस में सवार कई यात्री फंस गए।

हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं। दौसा पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि दुर्घटना मंगलवार रात करीब 2:30 बजे कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ जीरो पॉइंट के पास हुई। मृतकों में से 6 की मौत आग में जलने से हुई, जबकि 2 यात्रियों की मौत सिर पर लगी गंभीर चोटों के कारण हुई।

सभी घायलों को दौसा जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस के अनुसार, टक्कर के तुरंत बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिसके चलते फंसे हुए यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।

स्थानीय दावा और जांच

स्थानीय लोगों का कहना है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट रखे होने के कारण आग तेजी से भड़क गई। हालांकि पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है। अभी तक केवल 9 घायलों की पहचान हो सकी है। शेष यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

सीएम और पूर्व सीएम ने जताया दुख

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिवारों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”

पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि यह दुर्घटना बेहद दुखद है। मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्दी ठीक होने की कामना की है। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों की स्थिति की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।