इंदौर: नाराज युवक ने अपनी बाइक में लगाई आग, शराब दुकान के सामने हंगामा

परदेशीपुरा थाना क्षेत्र के मालवा मिल स्थित शराब दुकान के सामने एक युवक ने अपनी बाइक में आग लगा दी। बाइक स्टार्ट न होने पर गुस्से में आए युवक ने पेट्रोल नली निकालकर खुद अपनी वाहन को आग के हवाले कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाकर युवक को हिरासत में ले लिया। थाना प्रभारी आरडी कानवा ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर आगजनी के मामले में युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।

घटना का विवरण

मिली जानकारी के अनुसार, मालवा मिल शराब दुकान के बाहर यह घटना हुई। जीवन की फेल निवासी अनिल बामने काम के सिलसिले में यहां आया था। शराब खरीदने के बाद वह घर लौटने के लिए बाइक स्टार्ट करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन बाइक बार-बार फेल हो रही थी।

काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी बाइक स्टार्ट न होने पर अनिल बामने ने गुस्से में आकर बाइक की पेट्रोल नली निकाली और उसमें आग लगा दी। देखते-देखते पूरी बाइक जलने लगी। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस की टीम ने पहुंचकर आग बुझाई और युवक को मौके से हिरासत में ले लिया। मामले की जांच चल रही है।