इंदौर में तेज बारिश में नाले में बह गए दो युवक, एक का शव बरामद

बुधवार शाम से देर रात तक शहर में हुई तेज बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव और नालों में तेज बहाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। इस दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में दो युवक पानी के तेज प्रवाह में बह गए। एक युवक का शव गुरुवार सुबह बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे युवक की तलाश अभी भी जारी है।

लसूड़िया में बहा युवक मृत मिला

पुलिस के अनुसार, लसूड़िया मोरी निवासी 34 वर्षीय गोलू पंवार बुधवार रात करीब 9 बजे पिता के लिए खाना लेकर जा रहा था। नाले के किनारे से गुजरते समय अचानक तेज बहाव में वह पानी में बह गया। रात भर परिजनों और स्थानीय लोगों ने तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला।

गुरुवार सुबह एसडीईआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। प्लाटून कमांडर अश्विन चौधरी, आरक्षक कपिल मठोंलिया, दिनेश धनेरा, प्रदीप मकोरिया, दिनेश मण्डलोई और शैलेन्द्र सिंह परिहार की टीम ने करीब एक घंटे की तलाश के बाद पुल के पास कचरे में फंसे गोलू का शव बरामद किया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए एमवाई अस्पताल भेज दिया गया है।

गोलू स्थानीय ईंट फैक्ट्री में काम करता था। उसके पिता आयशर कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं और एक छोटा भाई राकेश भी नौकरी करता है।

अहीरखेड़ी में दूसरा युवक लापता

इसी रात अहीरखेड़ी क्षेत्र में एक और घटना हुई। महेश चौहान अपने दोस्त मनीष के साथ पुल की रपट पार कर रहा था। दोनों तेज पानी के बहाव में फंस गए। मनीष किसी तरह बच निकला, लेकिन महेश पानी में बह गया। पुलिस और राहत टीम बुधवार रात से ही महेश की तलाश में जुटी हुई है। गुरुवार सुबह तक भी उसका कोई अता-पता नहीं चल सका है। सर्च अभियान लगातार जारी है।