भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को उतार-चढ़ाव भरी शुरुआत की। सुबह के कारोबार में प्रमुख सूचकांकों में हल्की नरमी और तेजी का मिश्रण देखने को मिला, जबकि सेक्टरों में प्रदर्शन में काफी अंतर रहा।
सुबह 9:19 बजे सेंसेक्स 77,619.20 अंक पर हल्की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था, वहीं निफ्टी 50 सूचकांक 24,261.90 अंक पर मामूली बढ़त के साथ रहा।
आईटी सेक्टर आज के कारोबार में सबसे आगे रहा और इसने 1 प्रतिशत से अधिक की मजबूत बढ़त दर्ज की। निफ्टी 50 में इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और विप्रो जैसे बड़े आईटी शेयरों ने शीर्ष पर बढ़त बनाए रखी। इसके अलावा एफएमसीजी, फार्मा और ऑटोमोबाइल सेक्टर के शेयरों में भी शुरुआती खरीदारी देखी गई।
दूसरी ओर निफ्टी रियल्टी सूचकांक सबसे ज्यादा गिरावट वाला सेक्टर रहा। बैंकिंग और वित्तीय सेवाओं वाले शेयरों पर भी दबाव बना रहा। व्यापक बाजार में भी सुस्ती छाई रही, जिसमें निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.31 प्रतिशत और स्मॉलकैप इंडेक्स 0.27 प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।