शुक्रवार दोपहर चौक स्थित नेमा डिजाइनर स्टूडियो में भीषण आग लग गई। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग को स्थानीय लोगों की मदद से काबू में कर लिया गया, लेकिन दुकान को भारी नुकसान पहुंचा है।
दुकानदारों ने बताया कि दोपहर में अचानक धुआं उठता देख वे बाहर निकल आए। इसके बाद आसपास के लोगों ने मिलकर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई, लेकिन दमकल गाड़ी पहुंचने में देरी हो गई।
दमकल पहुंचने में 40-50 मिनट की देरी
ट्रैफिक व्यवस्था के तहत मोती मस्जिद के पास लगाई गई बैरिकेडिंग और वन-वे व्यवस्था के कारण दमकल को घूमकर आना पड़ा। संकरे रास्ते और बीच में खड़े टू-व्हीलरों ने स्थिति और खराब कर दी। परिणामस्वरूप दमकल घटनास्थल पर 40 से 50 मिनट देरी से पहुंच सकी। इस देरी से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी देखी गई।
नेमा डिजाइनर स्टूडियो में दुल्हनों के लहंगे और अन्य तरह के कपड़े उपलब्ध होते हैं। आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, अन्यथा पास में सटी हुई अन्य दुकानों में भी आग फैल सकती थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि लोगों की त्वरित प्रतिक्रिया के कारण आग को सीमित क्षेत्र तक रोका जा सका। हालांकि दुकान में लगभग लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया।