जयपुर: सुबोध कॉलेज में भयंकर आग! तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी जलकर राख

शुक्रवार सुबह रामबाग सर्किल स्थित सुबोध कॉलेज के बेसमेंट पार्किंग में भीषण आग लग गई। आग में तीन इलेक्ट्रिक स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को बचाने के लिए उन्हें तुरंत हटाया गया। 22-गोदाम फायर स्टेशन से मौके पर पहुंची दमकल की टीम ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

फायर वूमन सीता ने बताया कि सुबह करीब 8:45 बजे पार्किंग में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी निकली और आग भड़क उठी। देखते-ही-देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पास खड़ी दो अन्य इलेक्ट्रिक स्कूटी भी आग की चपेट में आ गईं।

आग की लपटें और धुएं को देखकर वहां हड़कंप मच गया। दमकल कर्मियों ने तुरंत आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया, जिसके बाद आग बुझाने का अभियान शुरू किया। फायर वूमन सीता ने कहा कि बेसमेंट में घना धुआं भर जाने के कारण आग पर काबू पाने में थोड़ा समय लगा।

आग पर काबू पा लिया गया है। किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को ही आग का मुख्य कारण बताया जा रहा है।