भोपाल: शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव, आज दूसरा दिन

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के तहत राजधानी में चल रहे चार दिवसीय सांस्कृतिक सम्मेलन का आज गुरुवार को दूसरा दिन है। यह आयोजन 5 से 8 अगस्त तक कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर (मिंटो हॉल) में हो रहा है।

दिनभर ब्रिक्स संस्कृति कार्य समूह की बैठक में संस्कृति मंत्रियों के घोषणा पत्र का मसौदा और सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर विस्तृत विचार-विमर्श होगा। चर्चा के मुख्य बिंदुओं में सांस्कृतिक धरोहर का संरक्षण, संग्रहालयों के बीच तालमेल, रचनात्मक उद्योगों का विकास, आपसी आदान-प्रदान, क्षमता निर्माण और देशों के बीच जन-जन संपर्क को मजबूत करना शामिल हैं। इन चर्चाओं से निकली सिफारिशें बाद में मंत्रिस्तरीय बैठक में आधार के रूप में पेश की जाएंगी।

शाम को रवींद्र भवन में ब्रिक्स सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें सदस्य और साझेदार देशों के कलाकार अपनी पारंपरिक एवं लोक प्रस्तुतियां देंगे। यह कार्यक्रम आम नागरिकों के लिए भी खुला रहेगा।

सम्मेलन का शुभारंभ बुधवार को प्रतिनिधियों के पहुंचने, पंजीकरण, द्विपक्षीय मुलाकातों और विशेष प्रदर्शनियों के साथ हुआ था। प्रतिनिधि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मानव संग्रहालय का दौरा भी कर चुके हैं।

केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और मध्य प्रदेश सरकार के संयुक्त प्रयास से हो रहे इस आयोजन में ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ साझेदार देशों के प्रतिनिधि शामिल हैं। 8 अगस्त को संस्कृति मंत्रियों की बैठक में अंतिम घोषणा पत्र को मंजूरी दी जाएगी।