मध्य प्रदेश में बस किराया 60% तक बढ़ा, 100 किमी का सफर अब ₹200 पड़ेगा 

मध्य प्रदेश सरकार ने यात्री बसों के किराये में लंबे समय बाद संशोधन किया है। परिवहन विभाग द्वारा जारी नई अधिसूचना के अनुसार साधारण बस का किराया अब ₹2 प्रति किलोमीटर हो गया है। पहले यह ₹1.25 प्रति किलोमीटर थी। न्यूनतम किराया भी ₹7 रुपये से बढ़ाकर ₹10 रुपये कर दिया गया है। यह बदलाव करीब पांच साल बाद किया गया है और नई दरें तुरंत लागू हो गई हैं।

विभिन्न श्रेणियों की बसों के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। रात्रि सेवा पर सामान्य किराये से 10% अधिक, नॉन-एसी डीलक्स पर 25%, स्लीपर पर 40%, एसी डीलक्स पर 50% और सुपर लग्जरी एसी कोच पर 75% तक अतिरिक्त किराया लिया जा सकेगा।

लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा असर महसूस होगा। उदाहरण के लिए सौ किलोमीटर की दूरी पर पहले अधिकतम ₹125 रुपये लगते थे, अब ₹200 रुपये तक चुकाने पड़ सकते हैं। भोपाल से इंदौर जैसे रूट पर पहले करीब ₹250 रुपये वाले किराये अब ₹400 रुपये के आसपास पहुंच सकते हैं। कुछ रूटों पर पहले ₹400 रुपये वाले टिकट अब ₹600 से ₹700 रुपये तक हो सकते हैं।

बस संचालक संघों ने डीजल और अन्य खर्चों में हुई बढ़ोतरी का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग की थी। उन्होंने सात अगस्त से हड़ताल की चेतावनी भी दी थी। सरकार और संचालकों के बीच हुई बैठक के बाद यह फैसला लिया गया, जिससे हड़ताल टल गई। अब ऑपरेटर दो रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया वसूलेंगे।