ट्रम्प: अमेरिका के पास हथियारों का बड़ा भंडार, लीक करने वालों को मिलेगी लंबी सजा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने गुरुवार को जोर देकर कहा कि अमेरिका के पास गोला-बारूद और हथियारों का बड़ा जखीरा मौजूद है। उन्होंने बताया कि नए हथियारों का निर्माण भी तेजी से हो रहा है। साथ ही उन्होंने सैन्य जानकारी लीक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।

ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा कि अमेरिका के पास खासकर कुछ खास किस्म के हथियारों की भारी मात्रा उपलब्ध है। जरूरत पड़ने पर और ज्यादा हथियार बनाए जा रहे हैं तथा भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि रक्षा कंपनियां देश के इतिहास में सबसे अधिक संख्या में नए प्लांट और फैक्टरियां स्थापित कर रही हैं।

ट्रम्प ने उन लोगों को निशाना बनाया जिन्होंने हथियारों की कमी की बातें फैलाईं। उन्होंने ऐसे लोगों को ‘देशद्रोही’ करार देते हुए कहा कि उनकी तलाश जारी है और उन्हें लंबी अवधि की जेल की सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी।