बिहार की राजधानी पटना के अगमकुआं इलाके में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया। तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही जान चली गई। इस घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने हिंसक प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हादसा एनएच-30 पर जीरो माइल के पास बड़ी-छोटी पहाड़ी चौराहे के आसपास हुआ। सड़क पार करते समय युवक बस से टकरा गया। मृतक की पहचान मनीष कुमार (उम्र करीब 26-27 साल) के रूप में हुई है, जो स्थानीय इलाके के रहने वाले थे।
मौत की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। गुस्साई भीड़ ने सड़क जाम कर दी और हादसे में शामिल बस को आग लगा दी। इसके बाद पुलिस की जीपों, अन्य बसों, कारों और बाइकों समेत करीब दस वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया गया। ट्रैफिक पुलिस की चौकी में भी आग लगाई गई। पुलिस पर पथराव हुआ और मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मियों से भी मारपीट की खबर है।
नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे कई यात्री और स्कूली बच्चे घंटों फंसे रहे। फायर ब्रिगेड की गाड़ी को भी भीड़ ने रोकने की कोशिश की।
हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने कई थानों की पुलिस बल मौके पर भेजी। अतिरिक्त फोर्स की मदद से स्थिति को धीरे-धीरे काबू में लाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विधि-व्यवस्था अस्थायी रूप से प्रभावित हुई थी, लेकिन अब नियंत्रण स्थापित हो गया है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है।