शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार पश्चिम एशिया में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और प्रमुख वैश्विक बाजारों में आई कमजोरी के असर से दबाव में खुला। बेंचमार्क सेंसेक्स 438 अंक की गिरावट के साथ 78,516 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ, जबकि निफ्टी 50 में भी 21 अंकों की नरमी दिखी और यह 24,614.65 के आसपास कारोबार कर रहा था। सुबह गिफ्ट निफ्टी में करीब 90 अंकों की गिरावट के संकेत पहले ही मिल चुके थे, जब यह 24,647 के स्तर पर था।
जापान, दक्षिण कोरिया और हांगकांग समेत प्रमुख एशियाई बाजार भी शुक्रवार को दबाव में रहे। इससे पहले गुरुवार को अमेरिकी बाजारों में लगातार पांच सत्रों की तेजी थम गई थी। डाउ जोन्स, एसएंडपी 500 और नैस्डैक तीनों सूचकांक गिरावट के साथ बंद हुए थे।
शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 के कई बड़े शेयरों पर बिकवाली का दबाव साफ दिखा। बजाज फाइनेंस में करीब 4.10 प्रतिशत, बजाज फिनसर्व में 2.97 प्रतिशत, ट्रेंट में 2.58 प्रतिशत, श्रीराम फाइनेंस में 2.05 प्रतिशत और मारुति सुजुकी में 1.05 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। इन शेयरों ने बाजार पर अतिरिक्त दबाव बनाया।
वहीं निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स में हल्की तेजी देखने को मिली। निफ्टी आईटी सेक्टर ने करीब एक प्रतिशत का उछाल दर्ज किया और अन्य क्षेत्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। इसके विपरीत निफ्टी पीएसयू बैंक और निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज में कमजोरी बनी रही।