मध्य प्रदेश कांग्रेस ने दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली जीत के बाद आज भोपाल में राजनीतिक मामलों की समिति (PAC) की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। यह बैठक प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के तीसरे तल पर दोपहर 12 बजे से शुरू होने वाली है। इसमें प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत करीब 25 सदस्यों को आमंत्रित किया गया है।
हालांकि कई वरिष्ठ चेहरे इस बैठक में शामिल नहीं हो पाएंगे। दिग्विजय सिंह विदेश यात्रा पर होने के कारण अनुपस्थित रहेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी स्वास्थ्य संबंधी कारणों से बैठक में नहीं आ पाएंगे।
विमान की तकनीकी खराबी
जीतू पटवारी के अध्यक्ष पद संभालने के बाद PAC सदस्य नकुलनाथ के पहली बार इस बैठक में शामिल होने की उम्मीद थी। लेकिन छिंदवाड़ा से भोपाल के लिए रवाना होने वाले उनके विमान के एक इंजन में खराबी आ गई। नतीजतन विमान उड़ान नहीं भर सका और नकुलनाथ बैठक में नहीं पहुंच सके।
उसी विमान में प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी भी सफर करने वाले थे। खराबी के बाद उन्होंने कार से भोपाल का रुख किया। अनुमान है कि वे बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़ सकते हैं।
नकुलनाथ ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि तकनीकी खराबी के कारण उनका भोपाल दौरा रद्द हो गया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से माफी मांगी और जल्द मुलाकात का वादा किया।
बैठक का एजेंडा
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के अनुसार बैठक में पार्टी की हालिया गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी स्थानीय निकाय चुनावों (नगरपालिका, नगर पंचायत, जनपद और जिला पंचायत) की रणनीति पर चर्चा होगी। संगठन को मजबूत करने और पुनर्गठन संबंधी प्रस्ताव भी रखे जाएंगे।