रहवासी इलाकों में चल रहे व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई का विरोध करते हुए मंगलवार को शहर के व्यापारियों ने सड़कों पर उतरकर शक्ति प्रदर्शन किया। न्यू मार्केट से शुरू हुई रैली रोशनपुरा चौराहे तक पहुंची, जहां प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर नारेबाजी की और विरोध दर्ज कराया।
इस दौरान ब्यूटी पार्लर से जुड़ी महिलाओं ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। एक ब्यूटीशियन ने सड़क पर ही मेकअप का प्रदर्शन कर अपना विरोध जाहिर किया। व्यापारियों का कहना है कि लंबे समय से चल रहे कारोबार को अचानक बंद कराने से न सिर्फ उनके परिवार बल्कि कर्मचारियों की रोजी-रोटी भी प्रभावित होगी।
प्रदर्शन में शामिल नेताओं ने सरकार से नया मास्टर प्लान और मिश्रित भू-उपयोग की व्यवस्था जल्द लागू करने की मांग दोहराई। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उचित समाधान नहीं निकाला गया तो स्थिति गंभीर हो सकती है और व्यापारी आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं। गुजरात मॉडल की तर्ज पर नियमितीकरण की नीति लागू करने की अपील भी की गई।
नगर निगम के अनुसार अब तक 6,589 से अधिक नोटिस जारी हो चुके हैं। इनमें से करीब 750 संस्थानों को तीन दिन की अंतिम मोहलत दी जा रही है। अरेरा कॉलोनी, बावड़िया कलां और रोहित नगर के सैकड़ों प्रतिष्ठान इसमें शामिल हैं। समय सीमा में गतिविधियां बंद न होने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।