ट्रम्प का बड़ा बयान: अमेरिका को भारत जैसी चुनावी व्यवस्था अपनानी चाहिए

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए भारत की चुनावी प्रक्रिया की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमेरिका में भी भारत की तरह सख्त वोटर पहचान व्यवस्था लागू होनी चाहिए।

ट्रम्प ने लिखा कि भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने हाल ही में अमेरिकी प्रशासन से पूछा था कि वैध फोटो पहचान पत्र के बिना अमेरिका में चुनाव कैसे हो सकते हैं। उन्होंने भारत के पिछले आम चुनाव का जिक्र करते हुए बताया कि करीब 64.6 करोड़ मतदाताओं ने वोट डाला। इनमें से एक प्रतिशत से भी कम लोगों ने डाक मतपत्र का इस्तेमाल किया और हर मतदाता के पास वैध फोटो पहचान दस्तावेज होना अनिवार्य था।

इसके आधार पर ट्रम्प ने कांग्रेस से ‘सेव अमेरिका एक्ट’ को तुरंत पास करने की अपील की। इस प्रस्तावित कानून के तहत संघीय चुनावों में मतदाता पंजीकरण के समय नागरिकता का प्रमाण अनिवार्य होगा, पूरे देश में फोटो आईडी की जरूरत होगी और डाक से मतदान की सुविधा को काफी सीमित किया जाएगा।

अमेरिका के भारत में राजदूत सर्जियो गोर ने भी ट्रम्प के रुख का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि भारत में इतने बड़े पैमाने पर मतदान के बावजूद हर वोटर को पहचान पत्र दिखाना पड़ता है। अमेरिका को भी ऐसी व्यवस्था अपनानी चाहिए।

व्हाइट हाउस ने भी भारत और ब्राजील का उदाहरण देते हुए कहा कि इन देशों में वोटर आईडी बायोमेट्रिक सिस्टम से जुड़ी होती है, जबकि अमेरिका में ज्यादातर स्वयं-घोषणा पर निर्भरता है।