महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में शुक्रवार को एक पूरे परिवार की दर्दनाक मौत हो गई। तिसगांव इलाके की खवड्या पहाड़ी पर 18-19 वर्षीय युवक कुणाल चांदगुडे आत्महत्या करने के इरादे से पहुंच गया था। उसे रोकने की कोशिश में उसके पिता मुरलीधर चांदगुडे भी नीचे गिर गए। दोनों की मौत हो गई। पति और बेटे को आंखों के सामने गिरता देख मां संगीता चांदगुडे ने भी उसी पहाड़ी से छलांग लगा ली। तीनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई। कुणाल पहाड़ी के खतरनाक किनारे पर खड़ा होकर जान देने की बात करने लगा। स्थानीय लोगों, परिजनों और पुलिस ने करीब तीन घंटे तक उसे समझाने की कोशिश की। कुछ रिपोर्ट्स में मोबाइल फोन को लेकर परिवार में हुए विवाद का जिक्र है, लेकिन इसकी पुष्टि पुलिस जांच से होगी।
दोपहर लगभग एक बजे पिता बेटे के पास पहुंचे और उसे पकड़कर पीछे खींचने की कोशिश की। इसी दौरान दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे गहरी खाई में जा गिरे। यह सब देखकर सदमे में आई मां ने भी छलांग लगा दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया। परिवार झाल्टा फाटा इलाके का रहने वाला था। पुलिस ने शव बरामद कर लिए हैं और मामले की जांच जारी है। इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।