जेन-जी को जुड़ने निकली बीजेपी: नितिन-स्मृति-तावड़े की बनी टीम, कांग्रेस के अधूरे वंदे मातरम् पर कड़ा प्रहार

भारतीय जनता पार्टी ने युवा मतदाताओं, खासकर जेन-जी से संपर्क बढ़ाने के मकसद से एक समर्पित टीम का गठन किया है। पार्टी के नए राष्ट्रीय पदाधिकारियों की पहली बैठक में यह फैसला लिया गया।

टीम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े, गुजरात के मंत्री हर्ष सांघवी तथा छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी सहित अन्य नेता शामिल हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह टीम जल्द ही जेन-जी आउटरीच कार्यक्रम शुरू करेगी। इसका उद्देश्य युवाओं की आकांक्षाओं, चिंताओं और उम्मीदों को समझना तथा उन्हें पार्टी नेतृत्व से सीधे संवाद का अवसर देना है। कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा जल्द घोषित की जाएगी।

कांग्रेस के फैसले के खिलाफ प्रस्ताव

उसी बैठक में बीजेपी ने कांग्रेस कार्यसमिति के उस निर्णय की कड़ी निंदा करते हुए प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कांग्रेस ने अपने कार्यक्रमों में वंदे मातरम् के केवल पहले दो पद गाने का फैसला किया था।

बीजेपी ने कहा कि संपूर्ण वंदे मातरम् राष्ट्रीय चेतना का प्रतीक है। संसद ने इसे राष्ट्रगान के समान दर्जा देते हुए कानून बनाया है। कांग्रेस का प्रस्ताव संवैधानिक व्यवस्था या संसद के कानून से ऊपर नहीं हो सकता। पार्टी ने राष्ट्रगीत को किसी भी तरह के दबाव या तुष्टिकरण का शिकार बनाने का विरोध जताया और इसकी पूरी गरिमा की रक्षा का संकल्प लिया।