शुक्रवार तड़के महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे (NH-53) पर ट्रक और बोलेरो एसयूवी की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए।
पुलिस के अनुसार, हादसा लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच सुबह करीब चार बजे हुआ। बोलेरो में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी की ईचर ट्रक से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया है कि बोलेरो सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
मृतकों में पांच वयस्क और तीन बच्चे शामिल हैं। घायलों को सकोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भंडारा के पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान ट्रक में फंसी बोलेरो को बाहर निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद लेनी पड़ी। आसपास के लोगों ने भी घायलों को निकालने में सहयोग किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर दुख जताया है। पीएमओ की ओर से मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा की गई है।