AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी के हालिया बयान पर भाजपा के हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने तीखा जवाब दिया है। शर्मा ने कहा कि अगर ओवैसी बैरिस्टर हैं तो उन्हें अभद्र और बदतमीजी भरी भाषा का इस्तेमाल बंद कर देना चाहिए। उन्होंने याद दिलाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने आतंकी ठिकानों पर मिसाइलें दागकर अपनी क्षमता पहले ही साबित कर दी है।
पिछले दिनों करोंद में जन्माष्टमी से जुड़े एक कार्यक्रम के दौरान रामेश्वर शर्मा ने मिसाइल और काजी कैंप का जिक्र किया था। बाद में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मतलब भोपाल के इलाके से नहीं, बल्कि पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों से था।
UCC के विरोध में भोपाल में आयोजित जनसभा में ओवैसी ने इस बयान का जिक्र करते हुए शर्मा को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि अगर शर्मा में हिम्मत है तो मिसाइल दागकर दिखाएं, वे खुद अकेले काजी कैंप में खड़े रहेंगे और शहीद होने को तैयार हैं, लेकिन किसी के सामने सिर नहीं झुकाएंगे।
इस चुनौती का जवाब देते हुए रामेश्वर शर्मा ने कहा कि वे अपने पहले बयान पर कायम हैं। उन्होंने जोर दिया कि जहां भी आतंकवादी कैंप या भारत विरोधी गतिविधियां होंगी, वहां भारत की मिसाइलें तैयार रहेंगी। शर्मा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर इसका प्रमाण है। उन्होंने ओवैसी से यह भी कहा कि बैरिस्टर होने का दावा करने वाले व्यक्ति को अभद्र भाषा का सहारा नहीं लेना चाहिए। शर्मा ने ओवैसी को मध्य प्रदेश की विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की चुनौती भी दी और समान नागरिक संहिता लागू होने की बात दोहराई।