भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मध्य प्रदेश में मानसून की वापसी से पहले एक सक्रिय मौसमी प्रणाली की चेतावनी जारी की है। 24 सितंबर को प्रदेश के दस जिलों में तेज बारिश होने का पूर्वानुमान है। वहीं 25 और 26 सितंबर को पूर्वी मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अति भारी वर्षा का अलर्ट दिया गया है।
मौसम केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना अवदाब अब एक मजबूत सिस्टम के रूप में विकसित हो रहा है। अगले 24 घंटों में इसके और सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।
आज किन जिलों में भारी बारिश?
आईएमडी ने आज छतरपुर, पन्ना, सतना, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में भारी वर्षा, गरज-चमक तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की संभावना जताई है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इन क्षेत्रों में यलो अलर्ट जारी किया गया है।
आने वाले दो दिनों में तेज सिस्टम
25 और 26 सितंबर को सिस्टम का प्रभाव सबसे अधिक रहने का अनुमान है। पूर्वी हिस्से के अधिकांश जिलों में भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। मानसून की सामान्य अवधि 30 सितंबर तक है, इसलिए यह वापसी से पहले का आखिरी बड़ा दौर हो सकता है।