14 साल UAE में काम करने वाले कर्नाटक के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, शव 9 टुकड़ों में काटकर कार में छिपाया

कर्नाटक के उडुपी जिले के कुंडापुर निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर की जुलाई 2026 में शारजाह में हत्या हो गई। उनका शव 12 अगस्त को ओमान की तरफ जाने वाले रास्ते पर खड़ी उनकी टोयोटा कार के डिक्की में दो बैगों में नौ टुकड़ों में काटकर पाया गया। परिवार ने यह जानकारी मंगलवार को दी।

अल्विन करीब 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। वे अपनी पत्नी टीना कुंदर और कक्षा 10 में पढ़ने वाले बेटे के साथ यूएई में रह रहे थे। टीना स्कूल में शिक्षिका हैं। अल्विन पिछले साल दिसंबर में घर आए थे और फिर शारजाह लौट गए थे।

कैसे सामने आई घटना

20 जुलाई के आसपास परिवार से उनका आखिरी संपर्क हुआ। भाई अनिल प्रशांत कुंदर के मुताबिक, कॉल न उठाने पर अल्विन ने टेक्स्ट मैसेज भेजा कि वे ठीक हैं। आमतौर पर वे वॉयस मैसेज भेजते थे, इसलिए यह असामान्य लगा।कंपनी ने पहले बताया कि वे भारत चले गए हैं, लेकिन पासपोर्ट रिकॉर्ड चेक करने पर पता चला कि वे अभी भी शारजाह में हैं। इसके बाद लापता व्यक्ति की शिकायत दर्ज कराई गई।

12 अगस्त को कार में शव मिला। परिवार का कहना है कि छाती में चाकू घोंपकर हत्या की गई और शरीर को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया। पहचान डीएनए परीक्षण से हुई। परिवार को मृत्यु प्रमाण पत्र मिल चुका है, लेकिन एफआईआर की कॉपी अभी नहीं मिली।

पत्नी और बेटा संपर्क से बाहर

अल्विन की पत्नी टीना और बेटे से परिवार का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनकी स्थिति और ठिकाना अभी स्पष्ट नहीं है। परिवार ने उडुपी के पुलिस अधीक्षक से मदद मांगी है और शव भारत लाने की प्रक्रिया पूरी करने की कोशिश कर रहा है। हत्या का मकसद, जगह और आरोपी अभी सामने नहीं आए हैं। शारजाह पुलिस जांच कर रही है। परिवार का कहना है कि किसी से कोई विवाद नहीं था।